वायनाड (केरल):- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं को केरल के वायनाड के चूरलमाला, मेप्पाडी में जिला प्रशासन, वन अधिकारियों ने जानकारी दी। लोकसभा में विपक्ष के नेता और वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं कल से ही यहां हूं। कल हम घटनास्थल पर गए थे। हम शिविरों में गए थे। हमने यहां की स्थिति का आकलन किया। आज हमारी प्रशासन, पंचायत के साथ बैठक हुई। उन्होंने हमें संभावित हताहतों की संख्या, क्षतिग्रस्त हुए घरों की संख्या और उनकी रणनीति के बारे में जानकारी दी। हम यहां हर संभव मदद करने के लिए हैं।
कांग्रेस परिवार यहां 100 से ज़्यादा घर बनाने का वादा करना चाहेगा। यह एक भयानक त्रासदी है। केरल ने एक क्षेत्र में इस तरह की त्रासदी नहीं देखी है। मैं इस मुद्दे को दिल्ली में और यहां के मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाऊंगा कि इसका अलग तरीके से निपटारा किया जाना चाहिए। यह एक अलग स्तर की त्रासदी है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ वायनाड में मेप्पाडी सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राहत शिविर का दौरा किया और भूस्खलन में बचे लोगों से मुलाकात की। 30 जुलाई को यहां भूस्खलन हुआ है। जिसमें 167 लोगों की जान चली गई थी। वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि यह वायनाड केरल और पूरे देश के लिए एक भयावह त्रासदी है। हम परिस्थिति को देखने आए हैं और यहां पर परिस्थिति दर्दनाक है। हम पीड़ितों की सहायता की पूरी कोशिश करेंगे। अभी कई काम हैं जो करना है। यहां पर मदद कर रहे सभी लोगों का धन्यवाद करूंगा। मेडिकल टीम का शुक्रिया अदा करता हूं।