चेन्नई:- भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई में धमाल मचा रखा है। उन्होंने अपने 5वें टेस्ट मैच में ही दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। शेफाली वर्मा महिला टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
शेफाली ने मात्र 194 गेंद में डबल सेंचुरी लगाकर महिला क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड के नाम था। उन्होंने 2024 में ही फरवरी के महीने में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 248 गेंद में डबल सेंचुरी लगाई थी। उनसे भी पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की ही केरन रॉल्टन के नाम था, जिन्होंने 2001 में इंग्लैंड के खिलाफ 306 गेंद में दोहरा शतक लगाया था।
शेफाली वर्मा अपनी ओपनिंग पार्टनर स्मृति मंधाना के साथ बैटिंग के लिए क्रीज पर आईं। शुरू के ओवर्स में उन्होंने थोड़ा संभलकर खेला, फिर लगातार रन बनाए और केवल 113 गेंद में शतक ठोक दिया। दूसरी तरफ से दो विकेट गिरे, फिर भी वो तेजी से आगे बढ़ती रहीं और केवल 194 गेंद में दोहरा शतक लगा दिया। दोहरा शतक लगाने के मामले में वो दुनिया की 10वीं और भारत की केवल दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। 22 साल के बाद शेफाली ने इस कारनामे को अंजाम दिया है।
ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें