ऋषिकेश (उत्तराखण्ड):- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में एम्स के डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है।
मंगलवार को सावित्री देवी को चेकअप के लिए लाया गया था। जिसके बाद डॉक्टर्स की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एम्स ऋषिकेश से मिली जानकारी के अनुसार यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी (85) को एम्स ऋषिकेश के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया है।
अधिक उम्र के चलते सावित्री देवी को कुछ समस्याएं थी। इसी वजह से उन्हें भर्ती कराया गया है। योगी आदित्यनाथ की बहन शशि पायल भी अपनी मां को देखने एम्स ऋषिकेश आई थी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। सीएम योगी का परिवार पंचूर गांव में ही रहता है। उनके पिता आनंद बिष्ट का 89 साल की उम्र में साल 2020 में निधन हो गया था।
सीएम योगी 2022 में अपने गांव अपनी माता जी और परिवार से मिलने आए थे। इसी दौरान 4 मई को योगी पंचूर के पैतृक घर पर अपने छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट के बेटे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। तभी योगी ने अपनी मां के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। जिसके फोटो और वीडियो काफी वायरल हुए थे।
ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें