नई दिल्ली :- दिल्ली-एनसीआर में मौसम के पल-पल बदलते रूप ने सभी को हैरान कर दिया है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मगर रविवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बार फिर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद से ही लोग भयंक उमस का सामना कर रहे हैं। राजधानी में शनिवार को हुई बारिश के बाद रविवार को फिर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन में निकली तेज धूप से लोगों को काफी गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग की माने तो अगले तीन दिन राजधानी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है।
अगले तीन दिन हल्की बूंदाबांदी
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग का मानना है कि अगले एक सप्ताह तापमान 35 से 37 डिग्री के आसपास रहेगा। अगले तीन दिन हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) के कई इलाकों में तीन दिन तक आंशिक बादल छाए रहने की भी संभावना है। हालांकि, लोगों को उमस से इतनी जल्दी राहत मिलेगी इसकी संभावना कम है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मंगलवार को दिल्ली में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा यह भी पूर्वानुमान है कि 22 और 23 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं दूसरी तरफ पहाड़ों पर बारिश का कहर जारी है। हिमाचल और उत्तराखंड के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दोनों ही राज्यों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 21 अगस्त से लेकर 23 अगस्त तक आंधी-तूफान से लेकर भारी बारिश की आशंका है।