Dastak Hindustan

मणिपुर में 2 महिलाओं को नग्न कर कराई परेड, किया गैंगरेप

इंफाल (मणिपुर):- मणिपुर से दो महिलाओं को नग्न कर भीड़ द्वारा सड़क पर घुमाया गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 4 मई की बताई जा रही है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, पीड़ित महिलाएं कुकी-जोमी समुदाय की हैं।

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उनका अपहरण करने से पहले, हथियारबंद लोगों का एक समूह कांगपोकपी जिले के गांव में आया और घरों में आग लगा दी और लूटपाट की, लोगों पर हमला किया और कुछ लोगों की हत्या कर दी। इसके अलावा महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न भी किया।

मणिपुर पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यह घटना 4 मई को राज्य के थौबल जिले में हुई। इस मामले को लेकर 18 मई को कांगपोकपी जिले में जीरो FIR दर्ज की गई। हालांकि चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR “अज्ञात सशस्त्र बदमाशों” के खिलाफ दर्ज की गई है। FIR में अपहरण, गैंगरेप और हत्या की धाराएं लगाई गई हैं लेकिन अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पीड़ित महिलाओं में से एक की उम्र करीब 20 साल और दूसरी महिला की उम्र 40 के आसपास बताई जा रही हैं। दावा किया जा रहा है कि ये दोनों महिलाएं कांगपोकपी जिले के कुकी-ज़ोमी प्रभुत्व वाले पहाड़ी इलाके से हैं। वायरल हो रही वीडियो में साफ देखा जा सकता हैं कि भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घूमा रही है और फिर उन्हें खेतों की तरफ ले जाती है। वीडियो में कई युवक महिलाओं के साथ छेड़खानी करते नजर आ रहे हैं। 4 मई को यह घटना मैतेई प्रभुत्व वाले जिले थौबल में हुई थी।

पीड़ित महिलाओं ने बाद में इसकी शिकायत कांगपोकपी जिले के एक पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई। पुलिस द्वारा पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज कर मामला थौबल में संबंधित पुलिस स्टेशन को भेज दिया गया है।पीड़ित महिलाओं की शिकायत के अनुसार, भीड़ ने करीब 50 साल की एक महिला को भी कपड़े उतरने के लिए मजबूर कर दिया था। हालांकि वायरल हो रहे वीडियो में सिर्फ दो महिलाएं ही दिखाई दे रही हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सबसे कम उम्र की महिला का दिन के उजाले में गैंगरेप भी किया गया।

3 मई को हिंसा भड़कने के बाद 4 मई को उनके गांव में AK राइफल्स, एसएलआर, इंसास और .303 राइफल्स जैसे अत्याधुनिक हथियार लेकर 800-1,000 लोगों का एक समूह घुस आया। इन लोगों ने गांव को लूटा और आग लगा दी। बचने के लिए गांव के पांच सदस्य- तीन महिलाएं और सबसे छोटी महिला के दो रिश्तेदार – जंगल की ओर भाग गए थे।

उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस द्वारा रेस्क्यू किया गया और जब पुलिस उन्हें अपने साथ ले जा रही थी, तभी रास्ते में भीड़ ने उन्हें रोक लिया और थाने से दो किलोमीटर पहले ही उन्हें पुलिस कस्टडी से अपने कब्जे में ले लिया। पीड़ित महिलाओं का दावा का है कि जिस लड़की का गैंगरेप हुआ है उसके पिता को मौके पर ही मार दिया गया और इसके बाद तीनों महिलाओं से जबरन कपड़े उतरवाकर भीड़ के सामने  उनकी परेड निकाली। इसके बाद भीड़ ने सबसे कम उम्र की महिला का गैंगरेप किया।

ऐसी ही अन्य जानकारी के लिए क्लिक करें

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *