नई दिल्ली:- 16 साल की साक्षी पर साहिल ने तब तक वार किए जब तक उसके शरीर में हरकत रही। कुछ ही सेकेंड में वह लाश बन चुकी थी। उस हैवान के सिर पर खून सवार था। वह लगातार चाकू घोंपता रहा।
व्लॉग और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली पीढ़ी किसी के दर्द को महसूस करना भूल चुकी है। वीडियो में दिखता है कि एक बार उस दरिंदे ने चाकू मारा तो लड़की का शरीर उछल गया। लड़की के सिर में भी उस दरिंदे ने शायद चाकू घोंपा था। लड़की दम तोड़ चुकी थी। दिल्ली में रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में हमले का शिकार हुई उस बदनसीब नाबालिग लड़की का नाम साक्षी था।
हत्यारे ने 20 से ज्यादा बार चाकू से वार किए। उसके बाद भी उसका शैतानी दिमाग शांत नहीं हुआ। बाद में लात से प्रहार किया इसमें भी उसका मन शांत नहीं हुआ फिर उसने पत्थर से भी कुचल दिया। वो भी एक बार नहीं पांच बार पत्थर उठाकर मारा। मंजर ऐसा था कि ‘खौफ’ भी कांप जाए। 16 साल की साक्षी का सरेराह मर्डर हो जाता है और दिल्ली देखती रहती है। शर्मनाक। आरोपी का नाम साहिल खान है। 20 घंटे के भीतर ही दिल्ली पुलिस ने उसे बुलंदशहर से पकड़ लिया पर उन 10 लोगों को रात में नींद कैसे आई होगी जो यह सब खड़े हो कर देख रहे थे।
उस रोज शाम को साक्षी के साथ वहां मौजूद उन 10 लोगों की इंसानियत भी मर गई थी। जिस गली में यह सनकी हत्यारा साहिल चाकू मार रहा था। वहां करीब 5-6 लोग और 3-4 महिलाएं दिखाई दे रही हैं। लेकिन किसी ने उस हमलावर को रोकने की जहमत नहीं उठाई। एक शख्स ने चाकूबाज को रोकने की कोशिश की बाद में वह भी भाग गया।