हरदा (मध्य प्रदेश):- मध्य प्रदेश के हरदा के टिमरनी थाना क्षेत्र में कार के पेड़ से टकराने के बाद आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई। थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि आज सुबह 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि एक दुर्घटना के बाद कार में आग लगने से 4 लोगों की जलकर मृत्यु हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बुझाया गया।
कुछ महीने पहले हुई थी शादी
कार का एक टायर फट गया जिसके बाद वाहन एक पेड़ से टकरा गया और उसमें आग लग गई। उन्होंने कहा कि आग की लपटों ने कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए और उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान अखिलेश कुशवाहा, रक्ष कुशवाहा, शिवानी कुशवाहा और आदर्श चौधरी के रूप में की गई है लेकिन उनकी सही उम्र का पता अभी नहीं चल पाया है। प्राथमिक तौर पर जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार सभी मृतक ग्राम वरकला चार खेड़ा निवासी हैं। सभी की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इसमें से मृतक राकेश की 6 माह पहले शादी हुई थी। जिसकी ससुराल नसरुल्लागंज क्षेत्र में थी।
मृतकों की ये हुई पहचान
1-अखिलेश पिता महेश कुशवाहा
2- राकेश पिता महेश कुशवाहा
3 -श्रीमती शिवानी पति राकेश कुशवाहा
4- आदर्श पिता गोलू चौधरी