नई दिल्लीः दिल्ली शाहबाद डेयरी हत्याकांड मृतका के परिवार से मिलने के बाद डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि लड़की का परिवार बहुत बुरी हालत में है। वहां पर इतने लोग थे लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इनकी और मेरी यही मांग है कि कातिल को 6 महीने के अंदर फांसी की सजा होनी चाहिए। इस पर सरकार और कोर्ट को काम करना चाहिए। इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। हत्याकांड को लेकर एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं।
साक्षी की रविवार शाम दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि शाहबाद डेयरी में पीड़ित परिवार से मिलने गई थी। परिवार वे बेहद गरीब है और सभी लगातार रो रहे हैं। साक्षी की मां सुबह से कई बार बेहोश हो चुकी है। उनकी एक ही मांग है कि हत्यारे को तुरंत फांसी दी जाए। हमारी टीम कल रात से परिवार के साथ है। हम बेटी का न्याय दिलाएंगे।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि आरोपी साहिल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने कुछ दिन पहले उसकी हत्या की साजिश रची थी। सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने 15 दिन पहले अपराध में इस्तेमाल किए गए चाकू को खरीदा था।
क्या है घटनाआइए जानते हैं
मृतका साक्षी यहीं शाहबाद डेयरी के ई ब्लॉक में रहती थी। वह अपनी दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी में जाने वाली थी। साक्षी उसी दोस्त को बुलाने उसके घर आई थी। वह घर के बाहर खड़ी होकर इंतजार कर रही थी। तभी साहिल वहां आया। पुलिस के अनुसार, दोनों एक रिलेशनशिप में थे। घटनास्थल पर उनकी किसी बात पर लड़ाई हुई। साहिल ने चाकू निकाला और साक्षी पर हमला बोल दिया। साक्षी गली में गिर गई। इसके बाद तो साहिल पर जैसे शैतान सवार हो गया। उसने एक के बाद चाकू से कई वार किए। जब बदन छलनी करके मन नहीं भरा तो पत्थर उठा लिया और शव को कुचलता रहा। फिर वहां से फरार हो गया। वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि पूरी वारदात के दौरान वहां से कई लोग गुजरे मगर किसी ने लड़की को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद साक्षी के परिजनों को सौंप दिया।