Dastak Hindustan

पेरू में हिंसा के बीच दो मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

लीमा :- पेरू में पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा के बीच दो मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शिक्षा मंत्री पेट्रीसिया कोरिया और संस्कृति मंत्री जायर पेरेज ने ट्विटर पर अपने इस्तीफे की घोषणा की।

पेरू के शिक्षा मंत्री पेट्रीसिया कोरिया ने लिखा, आज सुबह मैंने पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। हमवतन लोगों की मौत का कोई औचित्य नहीं है। राज्य की हिंसा मौत का कारण नहीं बन सकती है। बता दें, पेरू के पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी के बाद नई सरकार राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रही है। अब दो मंत्रियों के इस्तीफ के बाद इस सरकार पर और भी दबाव बढ़ गया है।

 

18 महीने के बीच जेल भेजे गए पूर्व राष्ट्रपति 

पेरू की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को 18 माह के लिए जेल भेज दिया। उन पर देश में विद्रोह भड़काने व साजिश रचने के आरोप में मुकदमा चलाया जाएगा। उन्हें 8 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट के जज कार्लोस चेकले ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को जेल भेजने का आदेश जारी किया था। उन्हें 18 माह तक मुकदमे की सुनवाई तक हिरासत में रखा जाएगा।

30 दिनों के लिए लगा आपातकाल 

कैस्टिलो की गिरफ्तारी के बाद दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में अशांति फैल गई थी। उनके समर्थकों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए थे। इसे देखते हुए कैस्टिलो के स्थान पर राष्ट्रपति बनीं डिना बोलुआर्ते ने बुधवार को देश में 30 दिन के लिए आपातकाल लगा दिया। उधर, पुलिस व कैस्टिलो समर्थकों के बीच शुक्रवार को भी हिंसा जारी रही। इस हिंसा में अब तक 16 लोगों की मौत की खबर है और दर्जनों घायल हैं। हड़ताल व आंदोलन के कारण पेरू को रोजाना 2.60 करोड़ डॉलर का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *