कानपुर:- उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिसमें क्रिकेट खेलते समय एक युवक को अचानक हार्ट अटैक आ गया।
जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में अन्य खिलाड़ी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से हड़कंप मच गया। वही, परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। क्रिकेट खेलते समय युवक को अचानक हर्ट अटैक आने की घटना लोगो में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बताते चलें कि बिल्हौर के त्रिवेणीगंज बाजार के रहने वाले अमित कुमार पांडेय एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके 2 बेटे हर्षित (13 साल) और अनुज (16 साल) हैं। बड़ा बेटा अनुज 10वीं में पढ़ता था। बुधवार की दोपहर वह बिल्हौर इंटर कॉलेज के मैदान पर साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहा था।
अनुज के पिता अमित ने बताया जानकारी मिलने पर हम लोग मैदान में पहुंच गए। अनुज को बिल्हौर सीएचसी में ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मैदान में अचानक क्या हुआ, इसके बारे में पता नहीं। अनुज को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं थी। वर्ना हम उसे क्रिकेट नहीं खेलने देते। वह चुस्त दुरुस्त था। पढ़ाई के साथ वह खेलकूद में भी हिस्सा लेता था।
अनुज के दोस्तों ने बताया “अक्सर हम लोग इंटर कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट खेलते थे। बुधवार की दोपहर भी हम खेलने के लिए पहुंचे। अनुज बैटिंग कर रहा था। दूसरे छोर पर एक खिलाड़ी उसका साथ दे रहा था। अनुज अच्छा खेल रहा था, वह हर बॉल को हिट करने की कोशिश कर रहा था। टीम के लिए वह तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहा था। बॉल हिट करने के बाद वह तेजी से रन लेने के लिए दौड़ा। कुछ दूर जाने के बाद वह औंधे मुंह गिर पड़ा। हमें लगा उसके कदम लड़खड़ा गए होंगे, लेकिन कुछ देर तक जब वह नहीं उठा तो हम लोग उसके पास पहुंचे। उसे बुलाया शरीर को झकझोरा, इसके बावजूद कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद परिजनों को इसके बारे में बताया।
बिल्हौर सीएचसी के चिकित्सक डॉ गणेश के अनुसार हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका है। मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही सामने आ पाएगी। घटना जिले के बिल्हौर में बुधवार की दोपहर को हुई।