महाराष्ट्र (मुंबई):- मुंबई में मानसून की पहली बारिश जहां एक ओर लोगों के लिए राहत बनकर आई, वहीं दूसरी ओर यह आफत बनकर भी टूटी। बीते रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है जिससे न केवल स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि मुंबई की जीवनरेखा कहे जाने वाली लोकल ट्रेनों और हवाई उड़ानों पर भी इसका गहरा असर पड़ा है।
शहर के निचले इलाकों जैसे दादर, कुर्ला, सायन, अंधेरी और भायखला में सड़कों पर knee-level तक पानी भर गया है। सुबह ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर बेस्ट बसें रुकी रहीं और लोकल ट्रेनें देरी से चलती रहीं। पश्चिमी और मध्य रेलवे की कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं और कुछ ट्रेनें रद्द भी करनी पड़ी हैं।
हवाई अड्डे से भी खबर है कि तेज बारिश और रनवे पर कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी हो रही है। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को अपने फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने हालात पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिया है और जलजमाव वाले इलाकों में पंपिंग मशीनें लगाई जा रही हैं ताकि पानी की निकासी तेज की जा सके। हालांकि, लगातार बारिश के कारण नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है जिससे निकासी में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और शहर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। स्कूलों और कॉलेजों को फिलहाल बंद रखने का फैसला जिला प्रशासन पर छोड़ा गया है।