लंदन (इंग्लैंड) : पश्चिम लंदन में एक विद्युत सबस्टेशन में आग लगने से शुक्रवार को अफरातफरी मच गई और दुनिया के सबसे व्यस्त यात्रा केंद्रों में से एक हीथ्रो हवाई अड्डे पर पूरी तरह से ताला लग गया। 1,350 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं या उनका मार्ग बदल दिया गया जिनमें एयर इंडिया की कई उड़ानें शामिल हैं।
आग लगने से 16,000 से अधिक घरों में बिजली गुल हो गई। हीथ्रो के अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि परिचालन फिर से कब शुरू होगा और उन्होंने “आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण व्यवधानों” की चेतावनी दी है।
प्रभावित सेवाओं में एयर इंडिया की मुंबई से लंदन जाने वाली उड़ान को वापस लौटना पड़ा और दिल्ली से लंदन जाने वाली उड़ान को फ्रैंकफर्ट की ओर मोड़ना पड़ा। इसने 21 मार्च को हीथ्रो से आने-जाने वाली अपनी सभी अन्य उड़ानें भी रद्द कर दी हैं।
हीथ्रो से अपनी कई उड़ानें संचालित करने वाली ब्रिटिश एयरवेज ने यात्रियों से हवाई अड्डे से दूर रहने का आह्वान किया है। कैथे पैसिफ़िक, क्वांटास और यूनाइटेड एयरलाइंस सहित वैश्विक एयरलाइंस भी प्रभावित हुई हैं।
आग हेस में लगी जहाँ 70 अग्निशामकों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। ऑनलाइन प्रसारित फुटेज में रात के आसमान में आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।