केच (बलूचिस्तान): बलूचिस्तान में पिछले 24 घंटों के भीतर पाकिस्तानी सेना पर दूसरा बड़ा हमला हुआ है। यह हमला केच जिले में हुआ जहां हमलावरों ने पाक सेना के काफिले को निशाना बनाकर बम धमाका किया। इस हमले में कई जवानों के घायल होने की खबर है जबकि कुछ की मौत की भी आशंका जताई जा रही है।
बलूचिस्तान में उग्रवादियों और पाक सेना के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया था कि उन्होंने पाकिस्तान के 214 बंधक जवानों को मार दिया है। संगठन का कहना है कि उन्होंने पाक सरकार और सेना को कैदियों की अदला-बदली के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने के कारण यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले बलूचिस्तान के बोलन इलाके में बीएलए ने मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया था। पाक सेना ने दावा किया कि इस ऑपरेशन में 33 उग्रवादियों को मार गिराया गया और 354 बंधकों को छुड़ा लिया गया। लेकिन इस दौरान 26 बंधकों की हत्या कर दी गई, जिनमें 18 सुरक्षाकर्मी तीन सरकारी अधिकारी और पांच नागरिक शामिल थे।
बलूचिस्तान में बढ़ते हमलों से पाकिस्तान सरकार और सेना की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस क्षेत्र में हालात और अधिक तनावपूर्ण हो सकते हैं।