मोगा (पंजाब): मोगा जिले में एक शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह हत्या व्यक्तिगत रंजिश के चलते हुई। मृतक की पहचान मंगत राय उर्फ मंगा (53) के रूप में हुई है, जो शिवसेना के मोगा जिला अध्यक्ष थे।
पुलिस ने बताया कि मंगा को गुरुवार देर रात बघियाना बस्ती इलाके में गोली मारी गई थी। उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना में एक 11 वर्षीय बच्चा भी घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि मंगा का हाल ही में स्थानीय प्रतिद्वंद्वियों के एक समूह के साथ झगड़ा हुआ था और गोलीबारी उसी घटना का परिणाम प्रतीत होती है। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच जारी है।