मुंबई (महाराष्ट्र): क्रिकेट टीम के खिलाड़ी यशस्वी जयसवाल मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी का सेमीफाइनल मैच खेलने वाले थे। लेकिन वे अब चोट की वजह से इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं।
एनसीए जाएंगे यशस्वी जायसवाल
23 साल के यशस्वी जायसवाल के बाएं टखने में दर्द है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इसलिए वे विदर्भ के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। वे अपनी चोट की जांच के लिए बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) जाएंगे। यशस्वी का चोटिल होना मुंबई के लिए बड़ा झटका है। हालांकि टीम में अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। शार्दुल ठाकुर भी अच्छी फॉर्म में हैं। लेकिन यशस्वी की आक्रामक बल्लेबाजी की कमी खलेगी। रणजी सेमीफाइनल 17 फरवरी से नागपुर में शुरू होगा।
टीम इंडिया का एक और स्टार खिलाड़ी हुआ चोटिल
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिलहाल चोट से जूझ रहे हैं। इसी बीच युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ी खबर आने आई है। दरअसल, जायसवाल को हाल ही में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच के लिए मुंबई की टीम में शामिल किया गया था। लेकिन जायसवाल भी चोटिल हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल ने बाएं टखने में दर्द की शिकायत की है जिसके चलते वह 17 फरवरी से नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में खेले जाने वाले मुंबई बनाम विदर्भ रणजी मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।