नई दिल्ली : दिल्ली में सीएम के नाम का ऐलान 19 फरवरी को होने जा रहा है। सीएम की रेस में पहले शामिल प्रवेश वर्मा का नाम अब बाहर होने की आशंका है। मनजिंदर सिंह सिरसा और रेखा गुप्ता का नाम आगे है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए एक सप्ताह बीत चुका है। अब सभी की नजरें दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के ऐलान पर टिकी हैं। जानकारी के मुताबिक, 19 फरवरी को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। जिसके साथ नई सरकार का गठन भी किया जाएगा। इस बीच, बड़ी खबर सामने आ रही है कि प्रवेश वर्मा का नाम मुख्यमंत्री की रेस से बाहर हो सकते हैं।
पर्यवेक्षक की नियुक्ति के बाद विधायक दल की बैठक
जिस तरह से दिल्ली सीएम चेहरे को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं जनता के सब्र का बांध भी टूटता दिख रहा है। सभी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि नया मुख्यमंत्री कौन होगा। इस बीच बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व तीन विधायकों के नाम पर चर्चा कर रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा और एक-दो दिन में पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद विधायक दल की बैठक होगी और उस बैठक में सीएम चेहरे का ऐलान किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनावों के समीकरण पर नजर
साल 2025 के अंत में बिहार विधानसभा चुनाव हैं। इसके अलावा, साल 2027 की शुरुआत में उत्तर प्रदेश और पंजाब के विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में जिन भी राज्यों में एक दो साल में चुनाव होने हैं, उनके भी समीकरणों को ध्यान में रखा जा रहा है। साथ ही, क्षेत्रीय-जातीय समीकरणों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।