Dastak Hindustan

दिल्ली में बर्फीली हवाओं का असर, पहाड़ों पर बर्फबारी के संकेत; संगम स्नान से पहले जानें मौसम का हाल

नई दिल्ली:- राजधानी दिल्ली में बुधवार को ठंडी हवाओं ने दस्तक दी, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठंडक बढ़ सकती है। बीते तीन दिनों से लगातार तापमान में वृद्धि हो रही थी, लेकिन अब यह तीन डिग्री तक नीचे आ गया है।

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम, बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। 15 से 17 फरवरी तक राज्य का मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।

प्रयागराज में संगम स्नान से पहले जानें मौसम का हाल
प्रयागराज में 13 और 14 फरवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंडी हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

उत्तर-पूर्व में बारिश और बर्फबारी के आसार
अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में 11 से 15 फरवरी के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 11 से 14 फरवरी के बीच हल्की बारिश और कहीं-कहीं बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव करने और आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *