Dastak Hindustan

गूगल मैप के भरोसे नहर में गिरी कार, तीन घायल

बरेली (उत्तर प्रदेश):- उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गूगल मैप की मदद से रास्ता तय करने के चक्कर में एक और सड़क हादसा हो गया। औरैया जिले के रहने वाले दिव्यांशु प्रताप अपने दो दोस्तों के साथ पीलीभीत जा रहे थे। उन्होंने गूगल मैप का उपयोग करते हुए बरेली के बड़ा बाईपास तक का रास्ता तय किया। वहाँ मैप पर दो विकल्प दिखे – एक हाईवे से होकर और दूसरा शॉर्टकट रास्ता। शॉर्टकट के भरोसे आगे बढ़ने पर उनकी कार पांच किलोमीटर बाद कलापुर नहर के कटे हुए किनारे तक पहुंची। जैसे ही वे सतर्कता बरतकर गाड़ी चला रहे थे अचानक कार के पहियों के नीचे की मिट्टी खिसक गई और गाड़ी नहर में जा गिरी।

एसपी सिटी मानुष पारिक के अनुसार इस हादसे में तीनों युवकों को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद उनकी कार को क्रेन की मदद से नहर से बाहर निकाला। युवकों का कहना है कि उन्होंने गूगल मैप के निर्देशों का पालन किया लेकिन रास्ता सही न होने के कारण यह हादसा हुआ।

इससे पहले 24 नवंबर को बरेली के दातागंज-फरीदपुर मार्ग पर एक कार पुल से नीचे गिर गई थी। उसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी। वे भी गूगल मैप से शॉर्टकट तलाशते हुए दुर्घटना का शिकार हुए थे। यह हादसा एक बार फिर गूगल मैप पर पूरी तरह भरोसा करने के जोखिमों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपरिचित रास्तों पर यात्रा करते समय स्थानीय जानकारी प्राप्त करें और सतर्कता बरतें।

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *