रांची (झारखंड):- झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की मतगणना के दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सकारात्मक रुझानों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा रुझान परिणामों में बदलेंगे। रुझान अच्छे आ रहे हैं और मार्जिन लगातार बढ़ रहा है। राजेश ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और योजनाओं को चुनावी सफलता का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के कर्ज माफी और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी लोकलुभावन योजनाओं को प्राथमिकता दी जिसका असर मतगणना के रुझानों में साफ नजर आ रहा है।
भाजपा पर तीखा हमला करते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा सत्ता हासिल करने के लिए अनैतिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा भाजपा ने बार-बार ऐसी राजनीति करने की कोशिश की है। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री को जेल भेजकर सरकार का बहुमत लूटने की साजिश रची गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने भाजपा की इन सभी साजिशों को नाकाम किया और जनता का विश्वास जीता। भविष्य में ऐसी किसी भी कोशिश पर कड़ा कदम उठाने का संकेत देते हुए उन्होंने कहा अगर कोई फिर से ऐसी हरकत करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस पार्टी का मानना है कि उसकी कल्याणकारी योजनाएं और भाजपा की कथित गलत नीतियों के खिलाफ उठाए गए कदम उसे सत्ता तक पहुंचाने में मदद करेंगे। मतगणना के रुझान इस समय कांग्रेस के पक्ष में दिख रहे हैं लेकिन अंतिम परिणाम आने तक उत्सुकता बनी रहेगी।