नाइजीरिया (अबुजा):- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में रविवार सुबह नाइजीरिया पहुंचे। राजधानी अबुजा के हवाई अड्डे पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू और केंद्रीय राजधानी क्षेत्र के मंत्री ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को प्रतीकात्मक रूप से अबुजा शहर की चाबी भेंट की गई जो विशेष सम्मान का प्रतीक है। अबुजा में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय से मुलाकात की और उनके योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी 16 से 21 नवंबर तक नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की यात्रा पर हैं। अपनी यात्रा के पहले चरण में वे नाइजीरिया में द्विपक्षीय वार्ता और व्यापारिक सहयोग पर चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ब्राजील में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह यात्रा भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापारिक साझेदारियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान नाइजीरिया और भारत के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, और व्यापार क्षेत्र में कई अहम समझौते होने की संभावना है। भारतीय समुदाय ने इस यात्रा को भारत और नाइजीरिया के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को नया आयाम देने का अवसर बताया।