उत्तर प्रदेश:- उत्तर प्रदेश, केरल और पंजाब में होने वाले उपचुनावों की तारीखों में बदलाव के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने कहा कि पहले मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला गया और अब बाकी सीटों के उपचुनाव की तारीखों में बदलाव किया जा रहा है। उन्होंने BJP पर तंज कसते हुए कहा BJP इतनी कमजोर कभी नहीं थी। अब टालेंगे तो और भी बुरा हारेंगे।
दरअसल, चुनाव आयोग ने पहले 13 नवंबर को उत्तर प्रदेश, केरल और पंजाब की कुछ सीटों पर उपचुनाव कराने का ऐलान किया था। लेकिन अब त्योहारों को ध्यान में रखते हुए इन उपचुनावों की तारीख को एक हफ्ते आगे बढ़ाकर 20 नवंबर कर दिया गया है। आयोग ने बताया कि यह निर्णय त्योहारों के चलते जनता की सुविधा के मद्देनजर लिया गया है ताकि अधिकतम संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
यह मुद्दा सियासी तौर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे लेकर BJP पर आरोप लगाया कि वह अपनी हार से बचने के लिए चुनाव की तारीखों में बदलाव करा रही है। उन्होंने कहा कि BJP का जनाधार लगातार कम होता जा रहा है और ऐसे निर्णय उसकी घबराहट को दर्शाते हैं।
BJP की ओर से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन विपक्ष के नेताओं ने इसे एक प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य प्रमुख BJP नेताओं से इस विषय पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।