कर्नाटक (बेंगलुरु):- बेंगलूरू में महिला के 30 टुकड़े कर फ्रीज में रखने वाले आरोपी ने बुधवार को ओडिशा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपना अपराध कबूल किया है। मृतक आरोपी की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे को महिला ने अपने जाल में फंसा लिया था। वह उससे पैसे मांगती रहती थी।
ओडिशा पुलिस का क्या कहना?
ओडिशा के भद्रक जिले के एसपी वरुण गुंटुपल्ली ने बताया कि आरोपी की पहचान 31 साल के मुक्तिरंजन प्रताप रे के रूप में हुई है जो ओडिशा के भद्रक जिले के धुसुरी थाना क्षेत्र में मृत पाया गया। बंगलूरू पुलिस की एक टीम हाल ही में एक महिला की हत्या की जांच करने के लिए यहां आई थी। टीम ने बताया कि मुख्य आरोपी भद्रक का रहने वाला है। इससे पहले कि टीम आरोपी को पकड़ पाती उसने पहले ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
यह सामान भी बरामद
उन्होंने आगे कहा ,“पोस्टमार्टम के बाद शव को आरोपी के परिजनों को सौंप दिया गया है। हम बंगलूरू पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। वहां से बैग और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।”
बंगलूरू पुलिस उपायुक्त (मध्य) शेखर एच टेक्कन्नावर ने कहा था कि आरोपी व्यक्ति बुधवार सुबह एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। ओडिशा पुलिस के अनुसार मौके से मिले एक सुसाइड नोट में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।