नई दिल्ली : देश में कोरोना के नए वेरिएंट का खतरा दिन प्रति दिन बढ़ता जा रहा है। यह तेजी से अपने पैर पसार रहा है। सोमवार को ओमिक्रॉन के दो और मामले सामने आए हैं। दोनों मामले महाराष्ट्र में रिपोर्ट किए गए हैं। इसके बाद राज्य में ओमिक्रॉन संक्रमित कुल मरीजों की संख्या अब 10 हो गई है। वहीं देश में ओमिक्रॉन के कुल मामलों की संख्या 23 हो गई है। महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि राज्य के एक 37 साल के व्यक्ति में मामले की पुष्टि हुई है। वह 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। दूसरे केस की पुष्टि अमेरिका से लौटी एक 36 साल की महिला में हुई है। ये दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। दोनों फाइजर की वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमित पाए गए हैं। दोनों का इलाज मुंबई के 7 हिल्स अस्पताल में चल रहा है। इसके साथ ओमिक्रॉन की दहशत के बीच टेंशन देने वाली खबर हांगकांग से आई है। एक स्टडी में दावा किया गया है कि हांगकांग में ओमिक्रॉन वैरिएंट हवा से फैल रहा है और लोगों को संक्रमित कर रहा है। इससे लोगों में दहशत फैल गई है।