जयपुर। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने एक बार फिर टेंशन बढ़ा दी है। भारत में भी ओमिक्रॉन के दो केस सामने आए हैं। इसी बीच, राजस्थान के जयपुर में दक्षिण अफ्रीका से लौटे परिवार के चार सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये लोग 7 दिन पहले ही जयपुर आए थे। इनमें दंपति समेत उनकी दो बच्चियां (8 और 15 साल) पॉजिटिव मिले हैं।बताया जा रहा है कि परिवार के 9 लोग 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। इनमें से माता-पिता और उनकी दो बेटियां संक्रमित पाई गई हैं। सबसे बड़ी चिंता की ये बात है कि इन लोगों के संपर्क में आए 12 लोगों में से 5 सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक 16 साल का बच्चा भी है। सभी को ओमिक्रॉन का संदिग्ध मानकर क्वारैंटाइन किया गया है। अब जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए इनके सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा कि इनमें ओमिक्रॉन है या नहीं। राहत की बात ये है कि बच्चों को छोड़कर सभी वयस्कों को वैक्सीन के दोनों डोज लगे हैं। उनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं और हालत गंभीर नहीं है। बता दें कि ये परिवार जयपुर में आदर्श नगर में रिश्तेदारों से मिला था। बुधवार को आदर्श नगर में रहने वाले परिवार का एक व्यक्ति संक्रमित आया, फिर सभी की जांच की गई। प्रदेश में लगातार कोरोना के केस में बढ़ रहे हैं। नवंबर में करीब 365 केस मिले हैं। जयपुर हॉट स्पॉट बना हुआ है। यहां लगातार बच्चे भी संक्रमित हो रहे हैं। गुरुवार को भी 21 पॉजिटिव केस सामने मिले थे।