Dastak Hindustan

बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का 72 वर्ष की उम्र में हुआ निधन

पटना (बिहार):-  बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार देर रात निधन हो गया। पिछले कुछ महीनों से वो कैंसर से पीड़ित थे और उनकी उम्र 72 वर्ष की थी। दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। सुशील मोदी के निधन की खबर से बिहार की राजनीति में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बिहार बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

अश्विनी कुमार चौबे ने कहा-

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील मोदी के निधन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, “सुशील मोदी सिर्फ मेरे मित्र नहीं बल्कि भाई थे, मैंने आज अपने भाई को खोया है, इसकी मैं व्याख्या नहीं कर सकता। सुशील मोदी में बहुत नम्रता थी, उनके दिल में बहुत परोपकार था। पार्टी के लिए उन्होंने समर्पण भाव से काम किया।”

सुशील मोदी के निधन की जानकारी बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करके दी। सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए लिखा कि ‘बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद श्री सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।’

राज्य के उप मुख्यमंत्री रहे

सुशील कुमार मोदी अपने तीन दशक से अधिक के राजनीतिक करियर के दौरान विधायक, विधान परिषद के सदस्य, लोकसभा सदस्य और राज्यसभा के सदस्य भी रहे। वह 2005 से 2013 और 2017 से 2020 तक राज्य के उप मुख्यमंत्री रहे।

1973 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव बने

सुशील मोदी का राजनीतिक करियर पटना विश्वविद्यालय में एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ। वह 1973 में पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ के महासचिव बने। सुशील मोदी 1990 में सक्रिय राजनीति में शामिल हो गए और उन्होंने ‘पटना सेंट्रल’ विधानसभा (अब कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र) से चुनाव लड़ा और उसमें जीत हासिल की। वह 2004 में भागलपुर से लोकसभा के सदस्य बने।

आज होगा अंतिम संस्कार 

वहीं परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को पटना के राजेंद्र नगर स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सुशील मोदी से मेरा संबंध 1971 से है

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा नेता सुशील मोदी के निधन पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कहा, “सुशील मोदी से मेरा संबंध 1971 से है। वे एक जुझारू नेता थे। उनका जाना पार्टी के लिए एक अपूर्णीय क्षति है, हमने एक अभिभावक को खो दिया। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति देने और उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।”

ऐसी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *