ओडिशा (भुवनेश्वर):- ओडिशा के झारसुगुड़ा में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां महिलाओं और बच्चों समेत लगभग 50 यात्रियों को लेकर जा रही नाव महानदी में पलट गई। इस घटना में एक की मौत हो गई है। वहीं सात लोग लापता हैं और रेस्क्यू टीम ने 48 लोगों को बचा लिया है। राहत बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है।
जिला कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने कहा, “ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRF) ने तलाशी अभियान जारी रखा है। हमें जानकारी मिली है कि भुवनेश्वर से गोताखोर आएंगे। हमने अब तक लगभग 48-49 लोगों को बचाया है और हम उन्हें आज रात ही उनके गांव वापस भेज देंगे। 35 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है। 4 महिलाएं और 3 बच्चे लापता हैं। तलाशी अभियान जारी है।
वहां खड़े आसपास के लोगों ने बतयाब कि बांधीपाली क्षेत्र से नाव यात्रियों को लेकर जा रही थी। जब नाव पलटी, उस समय कुछ स्थानीय मछुआरे मौजूद थे, जिन्होंने साहस दिखाकर 40 से अधिक लोगों को बचा लिया। वहीं जो लोग अब तक लापता हैं, रेस्क्यू टीम उनका पता लगाने में जुटी है।