चंडीगढ़ (हरियाणा):- केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास पहुंचे। हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर और उनके मंत्रिमंडल ने आज राज्य के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को अपना इस्तीफा सौंपा।
मनोहर लाल खट्टर के हरियाणा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुडा ने कहा, “हरियाणा में जो हो रहा है वो इसलिए हो रहा है क्योंकि जनता ने परिवर्तन लाने का मन बना लिया है। राज्य में मौजूदा सरकार से जनता परेशान है। हरियाणा में बदलाव तय है। हम घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहे हैं।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री के सवाल पर बीजेपी नेता कंवर पाल गुज्जर ने कहा,” हमारे मुख्यमंत्री ही फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। सीएम और कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है और राज्यपाल ने इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।”
90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में, भाजपा के 41 विधायक, कांग्रेस के 30 और जेजेपी के 10 विधायक हैं। 7 निर्दलीय हैं, जबकि इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) और HLP का एक-एक विधायक है। राज्य में सरकार बनाने के लिए पार्टी के पास 46 सीटें होनी चाहिए। जेजेपी दो सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक थी, लेकिन भाजपा, चौटाला के नेतृत्व वाली पार्टी को सीटें देने के पक्ष में नहीं थी क्योंकि वह सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी।