नई दिल्ली :- जर्मनी के एक आदमी ने दावा किया है उसने कोरोना के 217 टीके लगवाए हैं। उसके शरीर का इम्यून सिस्टम (बीमारियों से लड़ने की क्षमता) पूरी तरह ठीक है। उसकी यह हालत देख साइंटिस्ट भी हैरान हैं। अब तक पता नहीं चला है कि उसके इम्यून सिस्टम पर हाइपर वैक्सीनेशन (बहुत अधिक टीका लगाया जाना) पर कैसा असर हुआ है। कुछ वैज्ञानिकों की राय थी कि अधिक टीका लगाने पर इंसान के शरीर को टीके में मौजूद एंटीजन की आदत पड़ जाती है। इससे उसके शरीर की प्रतिरक्षा कोशिकाएं संबंधित एंटीजन के खिलाफ कम एक्टिव होती हैं।
यह केस स्टडी लैंसेट संक्रामक रोग जर्नल में प्रकाशित हुई है। इसमें कहा गया है कि 217 टीके लगवाने वाले आदमी का इम्यून सिस्टम पूरी तरह ठीक से काम कर रहा है। जर्मनी के 6 करोड़ से अधिक लोगों को SARS-CoV-2 का टीका लगा है। इनमें से अधिकतर लोगों को टीका एक से अधिक बार दिया गया है।
217 बार टीका लगवाने का दावा करने वाले व्यक्ति की जांच जर्मनी के फ्रेडरिक-अलेक्जेंडर यूनिवर्सिटी एर्लांगेन-नर्नबर्ग (FAU) की एक टीम ने की। उस व्यक्ति ने दावा किया कि उसने निजी कारणों से 217 टीके लगवाए थे। उसे 134 से अधिक टीके लगाए जाने की आधिकारिक पुष्टि हुई है।