नोएडा (उत्तर प्रदेश):- भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) संगठन ने आज ट्रैक्टर मार्च का ऐलान किया है। किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करने की लगातार मांग कर रहे हैं। ऐसे में किसान आज नोएडा में जुटेंगे। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने नेतृत्व में पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में आज हाईवे पर ट्रैक्टर श्रृंखला बनाई जाएगी। मार्च को देखते हुए नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
ट्रैक्टर मार्च पर अपडेट
मिली जानकारी के मुताबिक, 1:30 बजे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकट के आने की सूचना है। वहीं ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंच चुके हैं। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा में किसान ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे हैं। यमुना एक्सप्रेसवे से इसकी शुरूआत हो चुकी है। नोएडा पुलिस ने किसानों को रोक दिया है। किसानों ने चार घंटे का ट्रैक्टर मार्च निकालने का एलान किया है। किसान यमुना एक्सप्रेस वे के नीचे सर्विस रोड ट्रैक्टर मार्च निकाल रहे थे। यह मार्च जेवर से रबूपुरा तक निकाला जाएगा। वहीं किसानों की मांग है कि उन्हें नोएडा महामाया फ्लाईओवर से मार्च निकालने दिया जाए। पुलिस ने नोएडा में धारा 144 लागू कर रखी है। दिल्ली में पहले से ही धारा 144 लागू है।