नई दिल्ली :- अभिनेता विद्युत जामवाल और अर्जुन रामपाल की आगामी फिल्म ‘क्रैक: जीतेगा तो जिएगा’ रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में दोनों अभिनेताओं के एक्शन अवतार को देखने के लिए फैंस भी काफी उत्साहित हैं। फिल्म के ट्रेलर और गानों को भी दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही हैं। फिलहाल, दोनों अभिनेता फिल्म के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इसी दौरान एक साक्षात्कार में अर्जुन ने बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की तारीफ की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को शाहरुख की सफलता का गर्व करना चाहिए।
गौरतलब है कि शाहरुख खान ने साल 2023 में एक के बाद पठान, जवान और डंकी जैसी सुपरहिट फिल्में दीं। इस सफलता की तारीफ करते हुए अर्जुन ने कहा कि उनकी सफलता से इंडस्ट्री में हर किसी को खुश होना चाहिए। इस दौरान अर्जुन ने नकारात्मक मानसिकता वाले लोगों की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, ‘जो दूसरों की असफलताओं पर खुशी मनाते हैं। ऐसा नजरियां लोगों के व्यक्तिगत विकास में बाधा डालता है। इसके बजाय लोगों को दूसरों की सफलता पर खुशी मनाना चाहिए’
इस दौरान अर्जुन ने शाहरुख खान की फिल्म ‘पठान’ और ‘जवान’ की तारीफ करते हुए कहा, ‘जब शाहरुख एक फिल्म ‘पठान’ करते हैं और बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ देते हैं। इसके बाद वे अपनी दूसरी फिल्म जवान के साथ फिर इस रिकॉर्ड को दोहराते है, तो यह इंडस्ट्री के लिए काफी अच्छा है। इसको प्रोत्साहित और इस पर गर्व करने की जरूरत है। आपके जीवन में जो कुछ भी होता है यदि आप दूसरों के लिए खुश होंगे तो वे लोग भी आपके लिए खुश होंगे’।