कोलकाता :- हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को सोमवार की दोपहर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अभिनेता कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था। इससे पहले खबर आई थी कि अभिनेता की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और उन्हें जल्द छुट्टी मिल जाएगी। फैंस के लिए खुशखबरी सामने आ चुकी है। अभिनेता को आज ही यानी 12 फरवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। साथ ही उनके सेहत की जानकारी भी फैंस के साथ साझा की गई।
दरअसल, शनिवार, 10 फरवरी की सुबह मिथुन चक्रवर्ती के सीने में दर्द हुआ, जिसकी वजह से उन्हें कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर डॉक्टरों की निगरानी में मिथुन का इलाज चला। अस्पताल ने मिथुन के स्वास्थ्य के बारे में बयान जारी करते हुए बताया था कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एमआरआई समेत कई जांच किए गए। इससे पहले दिन में वरिष्ठ डॉक्टरों और चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी साझा की थी।