हल्द्वानी (नैनीताल):- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वनभूलपुरा में हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए हल्द्वानी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों और पत्रकारों से मुलाकात की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “न्यायालय के आदेश पर अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। अतिक्रमण हटाने के दौरान हमला हुआ है। कल हमारी महिलाकर्मियों को मारा पीटा गया है, पत्थरों और बंदुकों से उन पर हमला किया है। इसके बारे में जितना खराब कहा जाए वे कम है।”
धामी ने कहा,” उत्तराखंड देवभूमि है, यहां कभी ऐसा नहीं हुआ है, इन्होंने देवभूमि की हवा खराब करने का काम किया है। पत्रकारों के साथ मारपीट हुई है, बुरी तरह से उनके कैमरे तोड़े गए हैं। पत्रकारों को जिंदा आग में झोंकने तक का प्रयास किया गया है। कानून अपना काम करेगा। जिन लोगों ने भी सरकारी संपत्ति जलाई है उनपर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा न्यायालय के आदेश के क्रम में अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था। वहां पर सुनियोजित तरीके से प्रशासन के लोगों पर हमला हुआ। जान से भी मारने की कोशिश की गई। सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। जिन्होंने ये गलत काम किया है उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।”