पटना (बिहार):- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी के नेता कर्पूरी ठाकुर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ देने का ऐलान किया है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किये जाने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा ये हम लोगों की बहुत पुरानी मांग रही है। जब प्रधानमंत्री विधानसभा के प्रांगण में आए थे तो भी हमने ये मांग रखी थी।
बड़ी खुशी की बात है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाज के बड़े समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला है लेकिन इसका असर राजनीतिक तौर पर भी देखा जाएगा। खैर जो भी बात हो। साथ में अगर कांशीराम को भी भारत रत्न मिल जाता तो और भी अपार खुशी होती।
पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा आज उन्हें भारत रत्न से जो सम्मान दिया गया है ये हर्ष का विषय है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए मैं पीएम मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।
कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर उनके बेटे और जेडीयू सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा मैं अपनी तरफ से अपनी पार्टी की तरफ से और बिहार के लोगों की तरफ से केंद्र सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं इसे राजनीति के रूप से नहीं देखता हूं। कल उनकी (कर्पूरी ठाकुर) 100वीं जयंती है शायद उसी को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया है।