चंडीगढ़ (हरियाणा):- चंडीगढ़ शहर में शीतलहर और घना कोहरा जारी है। लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में आज भीषण ठंड रहने वाली है।
घने कोहरे का अलर्ट भी इन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग ने राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में यलो अलर्ट रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड अभी जारी रहेगी और कोहरा भी रात और तड़के काफी ज्यादा हो सकता है।
पंजाब से लेकर यूपी और बिहार तक न्यूनतम तापमान भी ठंडी हवाओं और कोहरा के कारण काफी गिरा है। ज्यादातर इलाकों में 2 से लेकर 7 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान पिछले कुछ दिनों से दर्ज हो रहा है। हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।