अयोध्या (उत्तर प्रदेश):- भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और अभिनेत्री आम्रपाली ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मुलाकात की। अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने बताया राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण पाकर मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली मानती हूं। मुझे लगता है कि आज देश और दुनिया के लोग जो श्री राम में मानते हैं उन्हें अपने जीवन के सबसे ज्यादा खुशी के पलों की अनुभूति हो रही होगी।
भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ने बताया हम लोगों का सौभाग्य है कि आज जब भगवान राम का दरबार सज रहा है और प्रभु श्री राम अयोध्या धाम में विराजमान हो रहे हैं तो गुरु जी का आशीर्वाद भी हमें प्राप्त हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद 22 जनवरी को राम लला अपने जन्मस्थान पर विराजमान होने जा रहे हैं। राम लला सालों का इंतजार खत्म कर रहे है। इस घड़ी का इंतजार देश-दुनिया कर रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा यह अत्यंत गौरव की घटना है जब हमारी पीढ़ी भगवान राम को उनके जन्मस्थान पर विराजित होते देखेगी। घंटे भी नहीं कुछ मिनट शेष रह गए हैं और इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज तक जीवन का एक संदेश जाने वाला है।