अयोध्या (उत्तर प्रदेश):- 22 जनवरी, सोमवार को अयोध्या में बने मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से की जाएगी। सुरक्षा कारणों से इस दिन मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश निषेध रहेगा, सिर्फ आमंत्रित लोग ही इस दिन मंदिर में जा पाएंगे। ऐसे में आम भक्तों मन में ये सवाल है कि वे राम लला के दर्शन कब से कर पाएंगे, दर्शन की टाइमिंग क्या रहेगी, आरती में कैसे शामिल हो सकेंगे? आगे जानिए आपके इन सभी सवालों के जवाब…
आम भक्त कब से कर सकेंगे राम लला के दर्शन? (Ram Mandir Ayodhya Visiting Time)
22 जनवरी को मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दिन आम भक्तों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 23 जनवरी, मंगलवार से आम भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
राम मंदिर में दर्शन का समय क्या रहेगा? (Ram Mandir Ayodhya Darshan Timings)
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुसार, राम मंदिर रोज सुबह 7:00 बजे आम भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। भक्त सुबह 11:30 बजे तक राम लला के दर्शन कर पाएंगे, इसके बाद करीब ढाई घंटे भोग व विश्राम के लिए मंदिर बंद रहेगा। दोपहर 2 बजे मंदिर पुन: खोला जाएगा, भक्त शाम 7 बजे तक दर्शन कर पाएंगे।
राम मंदिर में कितनी बार होगी आरती? (Ram Mandir Ayodhya Aarti Timings)
राम मंदिर में रामलला की आरती दिन में 3 बार की जाएगी। सबसे पहले सुबह 6:30 बजे जागरण आरती होगी, जिसे श्रृंगार आरती भी कहते हैं। दूसरी आरती दोपहर 12:00 बजे होगी, जिसे भोग आरती कहते हैं और तीसरी आरती शाम को 7:30 बजे होगी, जिसे संध्या आरती कहते हैं।