चिन्यालीसौड़ (उत्तराखंड):- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी सुरंग से सुरक्षित निकाले गए 41 श्रमिकों से चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, उन्हें राहत चेक भी सौंपे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “…मैं सबसे(श्रमिकों से) मिला, सबका हाल-चाल लिया। सभी लोग स्वस्थ हैं और प्रसन्न हैं। सभी श्रमिक, उत्तराखंड सरकार और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद कर रहे हैं।
हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिला है। पूरे देश ने देखा कि जब हमारे श्रमिक भाई सुरंग के अंदर थे तो इस बचाव अभियान में विश्व के सबसे अच्छे प्रयास किए गए हैं। चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार एक बार उनकी ऋषिकेश एम्स में भी जांच होगी।”
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरंग से सुरक्षित निकाले गए 41 श्रमिकों के रिश्तेदारों से बातचीत की। श्रमिकों के सफल बचाव के उपलक्ष्य में आज शाम देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर ‘इगास बग्वाल’ मनाया जाएगा।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन बहुत चुनौतीपूर्ण और कठिन था।जिन-जिन लोगों ने इसमें अपना योगदान दिया, मैं सबका धन्यवाद करता हूं। बाबा बौख नाग की कृपा से यह अभियान सफल हो पाया। हिमालय हमें अडिग रहने तथा आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देता है।