वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में आंगन या दरवाजे पर लगा पेड़ आपके लिए सुख और दु:ख दोनों का ही कारण बन सकता है। ऐसे में घर के भीतर या बाहर कोई पौधा लगाने से पहले आपको नीचे बताए गए वास्तु नियम का जरूर ध्यान रखना चाहिए। पौधों को किस दिशा में लगाया जाना चाहिए इसपर वास्तु का कहना है कि उत्तर और पूर्व दिशा पौधों के लिए सबसे अच्छी रहती है। इन दोनों ही दिशाओं में से किसी में भी पौधे लगाए जाएं तो घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है। इसके अलावा नेगेटिव एनर्जी भी दूर रहती है।
किस दिशा में लगाएं पेड़-पौधे
वास्तु के अनुसार घर में यदि आप सजावटी पेड़ लगाना चाहते हैं तो उन्हें उत्तर या फिर पूर्व दिशा में लगाएं। अगर आप घर के अंदर फ्लावर गार्डन बनाना चाहते हैं तो हमेशा पूर्व, पूर्व-उत्तर यानि कि ईशान कोण को चुनें। कोशिश करें फ्लावर गार्डन में तुलसी, आंवला आदि के पौधे जरूर लगे हों।
घर में न लगाएं ऐसे पौधे होती है हानि
वास्तु के अनुसार घर में कुछ पेड़-पौधे आपके लिए अशुभ साबित हो सकते हैं। जैसे घर के भीतर कभी भी कैक्टस का पेड़ नहीं लगाना चाहिए। मान्यता है कि कैक्टस में लगे कांटे नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करतें हैं। इसके दुष्प्रभाव के चलते घर में लड़ाई-झगड़े होने की आशंका बनी रहती है। इसी तरह घर में नींबू, मेंहदी और दूध वाले पौधों को भी लगाने से बचना चाहिए. यदि घर में रखा पौधा सूख जाए तो उसे तुरंत हटा देना चाहिए।
शमी के पौधे की सही दिशा
घर में शमी का पौधा लगाना बेहद शुभ माना जाता है। यदि आप अपने घर में यह पौधा लगाना चहते हैं तो कोशिश करें कि इसे शनिवार के दिन ही लगाएं। ध्यान रखें कि शमी के पेड़ को कभी भी घर के मेन गेट के पास न रखें।
मनी प्लांट के पौधे को कहां लगाएं
हर व्यक्ति अपने घर में धन-धान्य की वृद्धि की कामना लिए मनी प्लांट जरूर लगाता है लेकिन वास्तु अनुसार इसे घर में लगाने के लिए कुछ खास नियमों को पालन करना चाहिए। वास्तु के अनुसार भूलकर भी मनी प्लांट को घर के बाहर नहीं लगाना चाहिए। वास्तु अनुसार मनी प्लांट की बेल कभी भी जमीन पर नहीं लटकनी चाहिए। कोशिश करें कि किसी और के द्वारा गिफ्ट में दिया गया मनी प्लांट घर में न लगाएं। माना जाता है कि इससे आपको धन हानि हो सकती है।