वास्तु शास्त्र के अनुसार हिंदू धर्म में आम के पेड़ की पूजा कई सालों से होती आ रही है। आम के पेड़ को बहुत ही शुभ माना गया है। आम के पेड़ से मीठा फल तो प्राप्त होता ही है, साथ ही इसकी लकड़ियां और पत्तियां भी बहुत काम आती हैं। आपने देखा होगा कि कुछ लोग अपने घर के मुख्य द्वार पर आम के पेड़ की पत्तियां लटकाते हैं। क्या आप जानते हैं कि इसकी क्या वजह है।
इससे क्या लाभ होने की मान्यता है? यदि नहीं तो आज हम आपको इस बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। ऐसा कहा जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर आम की पत्तियां लटकाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। माना जाता है कि आम की पत्तियों से होकर घर में प्रवेश करने पर सकारात्मक ऊर्जा साथ आती है।
इससे घर में खुशियों भरा माहौल बना रहता है और लोग मिलजुलकर प्रेम पूर्वक रहते हैं। घर के मुख्य द्वार पर आम की पत्तियां लटकाने से मांगलिक कार्यों में सफलता मिलने की मान्यता है। कहा जाता है कि इससे घर के सदस्यों को शुभ समाचार सुनने को मिलता है।
आम को हनुमान जी का प्रिय फल बताया गया है। कहते हैं कि आम का पेड़ लगाने से बजरंग बली बहुत ही प्रसन्न होते हैं। साथ ही शुभ कार्यों में आम के फल या पत्तियों का इस्तेमाल करने से भी हनुमान जी की कृपा मिलती है।
आपने हवन जैसे धार्मिक कार्यों में भी आम की लकड़ी का प्रयोग होते हुए देखा होगा। इस प्रकार से समझा जा सकता है कि हिंदू धर्म में आम का क्या महत्व है। और इसके फल, पत्तियों तथा लकड़ी की क्या उपयोगिता है।
आम के पत्तों का तोरण द्वार पर लगाने से सभी मांगलिक कार्य निर्विघ्न पूरे हो जाते हैं। बुरी शक्तियां एवं नकारात्मक ऊर्जा भी शुभ कार्य में बाधा नहीं डाल पाती हैं, इसलिए दरवाज़े पर आम के पत्तों को लटकाना हमारे शास्त्रों के अनुसार बहुत शुभ माना गया है।