मनाली (हिमाचल प्रदेश):- हिमाचल प्रदेश के मनाली में भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल में 4 हजार से अधिक पर्यटक फंस गए हैं। मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी करने के बावजूद भारी हिमपात और ठंड के कारण पर्यटक और स्थानीय लोग दोनों परेशान हैं। मनाली से लाहौल-स्पीति जिले को जोड़ने वाली अटल टनल जो एशिया की सबसे लंबी ऑल-वे टनल मानी जाती ह बर्फबारी के कारण बंद हो गई है।
अटल टनल के पास बर्फ की चादर जमा होने और सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से पर्यटक यहां फंसे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार करीब 4000 पर्यटक और चालक फंसे हुए हैं। इन पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सेना, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है।
मनाली में भारी बर्फबारी के कारण कई सड़कें भी बंद हो गई हैं जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने पर्यटकों को अटल टनल की ओर न जाने की सलाह दी है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी की संभावना बनी रह सकती है। स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने हर संभव उपाय करना शुरू कर दिया है।
इस घटना से एक बार फिर यह साफ हो गया है कि हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में सर्दियों के मौसम में बर्फबारी के कारण यात्रा करने में सावधानी बरतने की जरूरत है।