रांची (झारखंड):- झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह, कार्मिक, पथ निर्माण और भवन निर्माण मंत्रालयों का प्रभार रखा है। अन्य मंत्रियों को भी राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में प्रमुख विभागों का बंटवारा इस प्रकार हुआ:
• दीपक बिरुवा को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
• चमरा लिंडा को अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मिला है।
• राधा कृष्ण किशोर को वित्त विभाग, वाणिज्य कर विभाग, योजना एवं विकास विभाग और संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
• संजय प्रसाद यादव को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण, कौशल विकास विभाग और उद्योग विभाग सौंपे गए हैं।
• रामदास सोरेन को स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के साथ-साथ निबंधन विभाग का कार्यभार सौंपा गया है।
• इरफान अंसारी को स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण उपभोक्ता मामले विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
• हफीजुल हसन को जल संसाधन विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंपे गए हैं।
• दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास ग्रामीण कार्य और पंचायती राज विभाग सौंपा गया है।
• योगेंद्र प्रसाद को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग उत्पाद और मद्य निषेध विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।
• सुदिव्य कुमार को नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग सौंपे गए हैं।
• शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि पशुपालन और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
हेमंत सोरेन ने मंत्रिमंडल के बंटवारे को राज्य में समावेशी और संतुलित मंत्रिमंडल के रूप में प्रस्तुत किया है। इसमें नए और पुराने चेहरों का मिश्रण किया गया है ताकि सभी प्रमंडलों का संतुलन बनाए रखा जा सके। यह बंटवारा राज्य में सरकार के स्थायित्व और आत्मविश्वास को दर्शाता है खासकर तब जब पूर्व सरकार में काफी समय तक 12वें मंत्री की नियुक्ति नहीं की जा सकी थी।