चंडीगढ़ (पंजाब):- पंजाब सरकार ने पांच कैबिनेट मंत्रियों के विभागों का पुनर्आवंटन किया। विधायक अमन अरोड़ा को शहरी विकास मंत्रालय मिला है। चेतन सिंह जौदामाजरा को स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा विभाग भी मिला है। इंदरबीर निज्जर को स्थानीय निकाय विभाग, अनमोल गगन मान को श्रम पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय और फौजा सिंह सरायरी को खाद्य प्रसंस्करण एवं बागवानी विभाग मिला है।
पंजाब में सत्ता में आने के बाद आप सरकार ने अपना पहला बजट पेश करने के कुछ दिन बाद ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश बजट में स्कूलों और चिकित्सा शिक्षा में बुनियादी ढांचा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। स्कूलों और उच्च शिक्षा के बजट में 16.27 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। पंजाब सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए तकनीकी शिक्षा के लिए बजट में 48 प्रतिशत की वृद्धि की है, जबकि चिकित्सा शिक्षा के लिए 56 प्रतिशत के बजट का प्रावधान किया गया है।