इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक बार फिर पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाया है। नोशकी में हाईवे पर हुए आत्मघाती हमले में पांच सैनिकों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इस हमले का वीडियो खुद बलूच विद्रोहियों ने जारी किया है जिसमें धमाके के बाद बस से उठते धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है।
बस को बनाया निशाना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को आर्मी काफिले की बस से टकरा दिया जिससे जोरदार धमाका हुआ। हमले की जिम्मेदारी BLA ने ली है जिसने हाल ही में एक ट्रेन हाईजैक करने की घटना को भी अंजाम दिया था।
बलूचिस्तान में लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोही गुट सक्रिय हैं जो वहां के स्थानीय लोगों के हक की लड़ाई लड़ने का दावा करते हैं। हाल के महीनों में बलूच विद्रोहियों के हमलों में तेजी आई है जिससे पाकिस्तान सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।