जलगांव (महाराष्ट्र):- केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ छेड़छाड़ के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों में से एक अनिकेत भुई के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस घटना के बाद जलगांव पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 28 फरवरी 2025 को महाराष्ट्र के कोथली गांव में एक धार्मिक जुलूस के दौरान हुई। मंत्री की बेटी और उसकी सहेलियां महाशिवरात्रि मेले में गई थीं, तभी कुछ लोगों ने उनका पीछा किया और छेड़छाड़ की। पुलिस के अनुसार अनिकेत भुई, पीयूष मोरे, सोहम कोडी, अनुज पाटिल, चेतन भुई, सचिन पालवे और किरण मादी नाम के युवकों ने लड़कियों को परेशान किया और वीडियो भी बनाया।
मंत्री ने क्या कहा?
रक्षा खडसे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कहा कि आरोपियों ने न केवल उनकी बेटी बल्कि अन्य लड़कियों के साथ भी गलत व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस गार्ड की मौजूदगी में भी आरोपी छेड़छाड़ कर रहे थे और वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। उन्होंने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
पुलिस की कार्रवाई
मामले में जलगांव पुलिस ने POCSO और IT एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। तीन टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
सीएम फडणवीस का बयान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की निंदा की और कहा कि इसमें एक राजनीतिक दल के सदस्य भी शामिल हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।