मुंबई ( महाराष्ट्र): विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दिल्ली ने आखिरी गेंद पर 2 रन बनाकर मुंबई को 2 विकेट से हराया। 20वें ओवर में टीम ने 10 रन चेज किए।
वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में दिल्ली ने बॉलिंग चुनी।
मुंबई 19.1 ओवर में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिल्ली ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। मुंबई से नैटली सिवर ब्रंट ने 80 रन बनाए, लेकिन यह स्कोर उनकी टीम की जीत के लिए काफी नहीं रहा।
लैनिंग और शेफाली ने दिलाई दिल्ली को शानदार शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत शानदार हुई। मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई, जिसे हेली मैथ्यूज ने पावरप्ले के अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर तोड़ा। उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया। वह 18 गेंदों में सात चौके और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाने में कामयाब हुईं। इसके बाद शबनम इस्माइल ने टीम की कप्तान लैनिंग को बोल्ड किया। वह 15 रन बनाकर लौटीं। इस मुकाबले में जेमिमा ने दो, एनाबेल सदरलैंड ने 13, एलिस कैप्सी ने 16, निकी प्रसाद ने 35, सारा ब्रायस ने 21 और शिखा पांडेय ने दो रन बनाए।