चंडीगढ़, (पंजाब):- केंद्र सरकार और आंदोलनकारी किसानों के बीच शुक्रवार 14 फरवरी को चंडीगढ़ में पांचवें दौर की बातचीत हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। करीब साढ़े 3 घंटे चली इस बैठक में 28 किसान नेता शामिल हुए। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के सरवन पंधेर ने किसानों की अगुआई की।
डल्लेवाल 81 दिन से खनौरी बॉर्डर पर अनशन पर हैं और वे एम्बुलेंस से चंडीगढ़ पहुंचे। उन्हें स्ट्रेचर पर मीटिंग हॉल ले जाया गया। केंद्र की ओर से खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी पंजाब सरकार की ओर से कृषि मंत्री गुरमीत खुड्डियां और लाल चंद कटारू चक्क बैठक में शामिल रहे।
बैठक के बाद डल्लेवाल ने इसे सकारात्मक बताया लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। अगली बैठक 22 फरवरी को दिल्ली या चंडीगढ़ में होगी, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि किसान 13 फरवरी 2024 से हरियाणा-पंजाब के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर MSP गारंटी कानून समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरवन पंधेर ने चेतावनी दी कि अगर हल नहीं निकला तो किसान दिल्ली कूच करेंगे।