आंध्र प्रदेश:- आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध ओंगोल नस्ल की गाय ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में नया इतिहास रच दिया है। ब्राजील में हुई हालिया नीलामी में वियाटिना-19 नामक इस गाय को 4.82 मिलियन डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) में खरीदा गया जिससे यह दुनिया की सबसे महंगी गाय बन गई। इस रिकॉर्डतोड़ बिक्री ने जापान की प्रसिद्ध वाग्यू नस्ल को भी पीछे छोड़ दिया है।
सीएम नायडू का रिएक्शन
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस खबर पर खुशी जताते हुए कहा,”ओंगोल नस्ल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी ताकत साबित की है। इस नीलामी ने दुनिया के सामने आंध्र प्रदेश की समृद्ध पशुधन विरासत को दर्शाया है। राज्य सरकार इस नस्ल के संरक्षण और डेयरी किसानों के समर्थन के लिए लगातार प्रयासरत है।”
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हुआ नाम
ओंगोल गाय अपनी बेहतरीन आनुवंशिकी ताकत और सहनशक्ति के लिए जानी जाती है। इसकी शानदार शारीरिक बनावट और उच्च दुग्ध उत्पादन क्षमता इसे डेयरी उद्योग के लिए बेहद फायदेमंद बनाती है। यह नस्ल न केवल भारत में बल्कि ब्राजील और अन्य देशों में भी काफी लोकप्रिय है।
बीते वर्ष 2023 में भी वियाटिना-19 को 4.3 मिलियन डॉलर में नीलाम किया गया था लेकिन इस बार इसकी कीमत में और इजाफा हुआ। हालांकि भारत में यह नस्ल संकट से जूझ रही है जबकि अन्य देशों ने इसकी उत्कृष्ट आनुवंशिकी का उपयोग कर आर्थिक लाभ अर्जित किया है।
भारत में संरक्षण की जरूरत
विशेषज्ञों का कहना है कि ओंगोल नस्ल के संरक्षण और संवर्धन के लिए भारत में ठोस प्रयासों की जरूरत है ताकि इस बहुमूल्य पशुधन से देश को भी अधिक लाभ मिल सके। सरकार द्वारा इस दिशा में किए गए प्रयासों से भारतीय डेयरी उद्योग को मजबूती मिलने की संभावना है।