प्रयागराज (उत्तर प्रदेश):- महाकुंभ 2025 के दौरान किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार देर रात धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गईं जबकि बचाव में आए उनके तीन शिष्य भी जख्मी हो गए।
घटना सेक्टर-16 स्थित किन्नर अखाड़े से निकलने के बाद संगम लोअर मार्ग पर हुई। जानकारी के मुताबिक कल्याणी नंद गिरि अपनी फार्च्यूनर कार से सदियापुर स्थित आवास जा रही थीं। तभी कुछ लोगों ने आशीर्वाद लेने के बहाने कार रुकवाई और उन पर अचानक हमला कर दिया। पहले से घात लगाए हमलावरों ने धारदार हथियारों से वार किया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। किन्नर अखाड़े के संत व अनुयायी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले भी 9 फरवरी को परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरि आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और कौशल्या नंद गिरि पर मारपीट का आरोप लगाया था। पुलिस इस हमले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।