(नई दिल्ली) दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्त के बाद आम आदमी पार्टी के भविष्य पर संकट मंडराने के जो कयास लगाए जा रहे थे। उनके कुछ हद तक हकीकत में तब्दील होने के इशारे मिल रहे हैं। बीजेपी और कांग्रेस के कई नेता कह रहे हैं कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जल्द ही गिर सकती है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद विपक्ष आशंका जता रहा है कि पंजाब की भगवंत मान सरकार कभी भी गिर सकती है। इसको लेकर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी का भी बयान सामने आया है। मनीष तिवारी ने मंगलवार को कहाकि अगर पंजाब में कोई राजनैतिक अस्थिरता आती है तो राष्ट्रीय स्तर पर इसके परिणाम बहुत गंभीर होंगे। तिवारी ने कहाकि यह दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार ने कभी पंजाब को नहीं समझा और कभी समझेगी भी नहीं। असल में पंजाब एक अलग भावना अलग अलग संस्कृति और अलग तालमेल वाला राज्य है। इसके अलावा यह एक अलग लय पर चलता है।
दिल्ली में आप की बैठक
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई में असंतोष की अफवाहों के बीच पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक जारी है। पार्टी नेताओं के अनुसार चर्चा हाल में हुए दिल्ली चुनाव में आप के प्रदर्शन की समीक्षा और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की योजना बनाने पर केंद्रित है।