दतिया (मध्य प्रदेश):- मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने दतिया जिले के एक युवक हिमांशु भार्गव की हत्या करवा सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि नरोत्तम मिश्रा के साथ जो युवक दिखाई दे रहा है उसका नाम सुरेंद्र दुबे है जो आदतन अपराधी है। दिग्विजय ने कहा कि सुरेंद्र दुबे को दतिया जिला सत्र न्यायालय ने 5 साल की सजा सुनाई थी और यह वही व्यक्ति है जिसने 20 साल पहले रघुबर दयाल को गोली मारी थी।
दिग्विजय सिंह ने इस संदर्भ में दतिया के एसपी से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि हिमांशु भार्गव को संदेह है कि नरोत्तम मिश्रा और सुरेंद्र दुबे मिलकर उसकी हत्या करवा सकते हैं। इस मामले में हिमांशु ने पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। दिग्विजय सिंह ने एसपी दतिया को टैग करते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले हिमांशु भार्गव ने दतिया पुलिस पर आरोप लगाया था कि उनकी सहमति के बिना उनकी सीएम हेल्पलाइन शिकायत वापस ले ली गई। इसके बाद दतिया प्रशासन ने उनके घर की नापजोख की जो उनके परिवार को परेशान करने का एक प्रयास था। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील की कि हिमांशु भार्गव और उनके परिवार को तुरंत सुरक्षा प्रदान की जाए।
यह घटना केवल हिमांशु भार्गव से जुड़ी नहीं है बल्कि दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि नरोत्तम मिश्रा के विरोध में बोलने वालों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सरकार या नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ आवाज उठाने पर परेशान किया जाता है।